वाराणसी संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद
वाराणसी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा फाउंडेशन की टीम द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज टीम ने लहरतारा स्थित झुग्गी-बस्ती में रहने वाली बच्चियों के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान बच्चियों को आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 सहित अन्य महत्वपूर्ण पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लेनी चाहिए। साथ ही उन्हें यह भी समझाया गया कि अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना और गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाना बेहद जरूरी है।

इस दौरान बच्चियों से खुलकर संवाद किया गया। उनके मन में पुलिस को लेकर जो डर और झिझक थी, उसे समझने का प्रयास किया गया। बच्चियों ने भी बेझिझक अपनी बातें रखीं और अपनी आशंकाओं को साझा किया। युवा फाउंडेशन की टीम ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए है तथा किसी भी परेशानी में मदद मांगने से पीछे नहीं हटना चाहिए।

युवा फाउंडेशन के सदस्य लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। संस्था का उद्देश्य केवल लड़कियों को ही नहीं, बल्कि लड़कों को भी सुरक्षा, सम्मान, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है, ताकि समाज में सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सके।

इस जागरूकता अभियान में सीमा चौधरी, विकास मौर्या और सलीम जावेद उपस्थित रहे। टीम ने आगे भी इस तरह के अभियान जारी रखने और अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को जागरूक करने का संकल्प लिया।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *