प्रयागराज। जनपद मुजफ्फरनगर के लिए गर्व और खुशी की बड़ी खबर सामने आई है। जिले की होनहार बेटी खुशी ने प्रदेशीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है।
प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 में खुशी ने अंडर-19 बालिका जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खुशी की इस शानदार उपलब्धि से मुजफ्फरनगर जनपद में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है।
खेल जगत से जुड़े लोगों और खेल प्रेमियों का कहना है कि ग्रामीण एवं छोटे शहरों की प्रतिभाओं को यदि उचित प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो वे भी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। खुशी की यह उपलब्धि जनपद की अन्य युवा बालिका खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
एथलेटिक्स कोच पुनित कुमार ने खुशी की इस शानदार सफलता पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि खुशी आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुजफ्फरनगर का नाम रोशन करेंगी।
मुजफ्फरनगर की बेटी खुशी की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर MD NEWS बहुआयामी समाचार परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।



रोहित जैन
