कानपुर से पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से बरामद हुआ अधिवक्ता का शव और हत्या में इस्तेमाल हथियार, गाड़ी बरामदगी के दौरान हुई पुलिस से मुठभेड़
रिपोर्ट संदीप धुरिया
जालौन/कालपी। कालपी बार संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद हत्या के मामले में जालौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को कानपुर से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अधिवक्ता का शव और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, अपहरण में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद करने के लिए पुलिस टीम आरोपियों को लेकर कालपी कोतवाली क्षेत्र के जंगल पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
बताया गया कि आरोपियों की ओर से दो राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने छह राउंड फायरिंग की। इस मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के साथ ही अधिवक्ता की तलाश का मामला शव बरामद होने के बाद हत्या के खुलासे की दिशा में आगे बढ़ा है।
अपहरण, हत्या और पुलिस मुठभेड़ की इस पूरी घटना को लेकर इलाके में चर्चा है। पुलिस की आगे की कार्रवाई और विवेचना पर सभी की नजरें टिकी हैं।

