
रिपोर्ट _ मोहम्मद अशफाक
md News बहुआयामी समाचार
गोला गोकर्णनाथ खीरी। गोला-बांकेगंज मार्ग पर सोमवार सुबह झाऊपुर मोड़ के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी ऑटो और बैटरी ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो में सवार तीन महिला शिक्षकों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसे में चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे गोला निवासी महिला शिक्षक सीमा गोयल, शिवानी सिंह और तस्लीमा बानो सीएनजी ऑटो से गोला से कुकरा स्थित संविलियन विद्यालय में शिक्षण कार्य के लिए जा रही थीं। इसी दौरान बांकेगंज निवासी राजबहादुर और कोठीपुर निवासी सुमन सक्सेना बैटरी ऑटो में सवार होकर गोला की ओर जा रहे थे।
बताया जाता है कि झाऊपुर मोड़ के पास दोनों ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर में सीएनजी ऑटो सवार महिला शिक्षक सीमा गोयल और शिवानी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं बैटरी ऑटो सवार सुमन सक्सेना और राजबहादुर को भी गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा दोनों वाहनों में सवार अन्य लोग भी घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांकेगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में सभी का उपचार जारी है। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोला-बांकेगंज मार्ग पर हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह हुए हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और मोड़ों पर सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया।
