
रिपोर्ट – तनवीर अहमद
एम डी न्यूज हरगाँव
हरगांव (सीतापुर)। विकासखंड हरगांव के प्राथमिक विद्यालय सेमरी भान में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को दूर कराने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास शुरू किए गए हैं। विद्यालय परिसर में बारिश का पानी जमा होने से बच्चों और शिक्षकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग उठाई है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद असलम के अनुसार, जलभराव की समस्या के संबंध में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और लोक निर्माण विभाग को अवगत कराया जा चुका है। विभाग के अवर अभियंता की ओर से जलनिकासी की व्यवस्था कराने का आश्वासन भी दिया गया है।
विद्यालय परिसर में पानी जमा रहने से बच्चों को संक्रमण और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बना हुआ है। साथ ही भवन की नींव और परिसर की जमीन को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द समाधान की अपेक्षा की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय परिसर में मिट्टी का पटान कराने के साथ ही जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग अपने आश्वासन को कितनी जल्द अमलीजामा पहनाते हैं।
