एमडी न्यूज़ | बहुआयामी समाचार
रिपोर्टर: मो. फिरोज अहमद
जहानाबाद, जनपद फतेहपुर, उत्तर प्रदेश।
जहानाबाद। धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर आदर्श नगर पंचायत कोड़ा जहानाबाद के चेयरमैन सैयद आबिद हसन ने नगर पंचायत के कर्मचारियों को टिफिन बॉक्स एवं मिठाई वितरित कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस पहल से कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। चेयरमैन के इस प्रयास ने कर्मचारियों के प्रति सम्मान, अपनत्व और सहयोग की भावना को दर्शाया।
इस अवसर पर चेयरमैन सैयद आबिद हसन ने सभी कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर के विकास, साफ-सफाई और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कर्मचारी पूरी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में त्योहार के अवसर पर उनके साथ खुशियां साझा करना और उनका उत्साह बढ़ाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, आपसी सद्भाव और खुशहाली का संदेश देने वाला त्योहार है। हमें इस अवसर पर समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटनी चाहिए और एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कामना की कि दीपावली सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियों का नया उजाला लेकर आए।
चेयरमैन द्वारा टिफिन बॉक्स एवं मिठाई वितरित किए जाने से नगर पंचायत परिवार में उत्साह का माहौल रहा। इस पहल को कर्मचारियों के प्रति सम्मान और आत्मीयता व्यक्त करने के साथ-साथ आपसी तालमेल एवं सौहार्द को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा गया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी पंकज सिंह, राधवेन्द्र सिंह, जावेद, आबिद रजा, विख्यात शर्मा, सभासद गीता गुप्ता, विष्णु गोपाल, सुरेश कुमार, सर्वेश कुमार, समीना बेगम, नदीम तथा नामित सभासद राजेश बाजपेई, रामबली निषाद, गीता देवी एवं उज्मान सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी और संबंधित लोग उपस्थित रहे।
एमडी न्यूज़ | बहुआयामी समाचार
संवाददाता: मो. फिरोज अहमद
जहानाबाद, जनपद फतेहपुर, उत्तर प्रदेश।


