तेज आवाज में डीजे बजाने और आपस में गाली-गलौज व मारपीट की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
रिपोर्ट-धर्मेन्द्र कसौधन
महराजगंज। निचलौल कस्बे में डीजे की तेज आवाज और आपसी विवाद का मामला सामने आया है। इस मामले में निचलौल पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को निचलौल कस्बे में मेन तिराहे के पास लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे संचालकों द्वारा तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। आरोप है कि दोनों डीजे संचालकों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते तेज आवाज में डीजे बजाने के साथ ही आपस में धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
शिकायत में बताया गया है कि डीजे की तेज आवाज से राहगीरों, आम नागरिकों, दुकानदारों तथा एंबुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी हो रही थी। लोगों को बातचीत करने और सांस लेने तक में दिक्कत होने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन की ओर से पूर्व में भी डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आवाज रखने तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम 2000 का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कथित रूप से नियमों की अनदेखी करते हुए तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।
मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने डोल आयोजक जिजहवा बंटी कसौधन निवासी जिजहवा, डीजे संचालक प्रेम निवासी सुकौली (कुशीनगर), डोल आयोजक प्रियांशु श्रीवास्तव निवासी घोड़हवा तथा ओम डीजे संचालक विजय निवासी गोरखपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
निचलौल थाने में 11 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 0302 दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3), 292, 293 और 223(बी) के साथ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15(1) तथा ध्वनि प्रदूषण नियम 2000 की धारा 6(i) का उल्लेख किया गया है।पुलिस अभिलेख के अनुसार, मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि धार्मिक आयोजनों में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप होना आवश्यक है, ताकि धार्मिक उत्साह के साथ आम नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा सके।
