
रिपोर्ट शावेज़ आलम तहसील रिपोर्टर
MD News बहुआयामी समाचार
दिवाली-छठ पर घर लौटे प्रवासियों और छूटे हुए लोगों को प्राथमिकता से खिलाई जाएगी दवा, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
फतेहपुर। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान को लेकर समन्वय बैठक आयोजित हुई। जनपद में 19 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक चलने वाले अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बीएमजीएफ, पीसीआई और पाथ की राष्ट्रीय, राज्य एवं जनपदीय टीमों के प्रतिनिधियों सहित शिक्षा, आईसीडीएस और पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने निर्देश दिए कि दिवाली और छठ पर्व पर घर लौटे प्रवासियों को प्राथमिकता से फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाए। साथ ही पूर्व में दवा सेवन से छूटे लोगों की सूची तैयार कर उन्हें भी अभियान से जोड़ा जाए। प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में लाभार्थियों को तीन प्रकार की दवाओं का सेवन अपने सामने कराया जाएगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों, आईसीडीएस को आंगनबाड़ी केंद्रों और पूर्ति विभाग को राशन वितरण केंद्रों के माध्यम से जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि फाइलेरिया गंभीर बीमारी है, इससे बचाव का प्रभावी उपाय नियमित दवा सेवन है। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में सहयोग करने और स्वास्थ्य कर्मियों के सामने दवा का सेवन करने की अपील की।
