
एमडी न्यूज गोण्डा रिपोर्टर- अजीत यादव
गोण्डा।नैमिषारण्य धाम से पधारीं देवी मोहिनी किरण शुक्ला ने सुनाई श्रीरामचरितमानस की महिमा,भजनों ने बांधा समां।
नगर पंचायत धानेपुर में आयोजित नव दिवसीय श्रीराम कथा का शुक्रवार को चेयरमैन प्रतिनिधि रक्षा राम वर्मा ने फीता काटकर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच शुभारंभ कराया । नैमिषारण्य धाम से पधारीं कथा व्यास पूज्या देवी मोहिनी किरण शुक्ला के श्रीमुख से श्रीराम कथा का अमृतपान कर श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। कथा के शुभारंभ के साथ ही पूरा क्षेत्र प्रभु श्रीराम की भक्ति में सराबोर नजर आया। कथा के प्रथम दिन मंगलाचरण एवं प्रभु श्रीराम की वंदना के साथ कार्यक्रम का आरम्भ हुआ। इसके बाद देवी मोहिनी किरण शुक्ला ने श्रीरामचरितमानस की महिमा और उसके आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को आदर्श दिशा देने वाला ऐसा दिव्य ग्रंथ है, जिसमें मर्यादा, त्याग, प्रेम, सेवा, संस्कार और धर्म के अनुपम संदेश समाहित हैं। कथा के दौरान मानस महात्म्य, प्रभु श्रीराम के नाम की महिमा, गुरु वंदना, संत महिमा तथा शिव-पार्वती संवाद का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा व्यास ने कहा कि श्रीराम कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में सदाचार, संस्कार और भक्ति का संचार करता है। भगवान श्रीराम का आदर्श चरित्र प्रत्येक व्यक्ति को मर्यादित एवं धर्मपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है। वहीं, नैमिष धाम से पधारीं पूज्या अनुष्का तिवारी द्वारा प्रस्तुत श्रीराम भजनों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मधुर भजनों की स्वर लहरियों से कथा पंडाल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन दिखाई दिए। नव दिवसीय श्रीराम कथा के प्रथम दिन धानेपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा कथा स्थल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में कथा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
