कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए उठाएं ठोस कदम

रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा

बदायूँ: 13 नवम्बर।

बदायूं, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित छोटे-छोटे मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और उन्हें त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विशाखा गाइडलाइन के तहत आंतरिक परिवाद समिति का गठन कराने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने प्रेस वार्ता के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विशाखा गाइडलाइन के प्रति महिलाओं एवं संबंधित संस्थानों को जागरूक किया जाए। इसके लिए ग्राम प्रधानों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से भी गांव-गांव तक जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं अपने अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकारी दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी समझें। महिलाओं की समस्याओं का समाधान केवल एक विभागीय कार्य नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसलिए संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य किया जाए।

इसके पश्चात उन्होंने महिलाओं सेे संवाद कर संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी दी तथा योजनओं से लाभ उठाने के सम्बंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र को शासकीय योजनाओं का लाभ अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने विकास भवन स्थित प्रेरणा कैंटीन का निरीक्षण कर कहा कि स्वच्छता और गुणवत्ता ध्यान रखा जाए।इससे पूर्व उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर 10 महिलाओं की गोद भराई की तथा 10 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। इस अवसर पर धात्री महिलाओं को बेबी किट भी वितरित की गईं। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा समुचित देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *