रिपोर्ट संदीप धुरिया जालौन
उरई में घाटों की सफाई से लेकर रोशनी और सुरक्षा तक की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
जालौन। छठ पूजा पर्व को लेकर उरई के रामकुंड तालाब पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पर्व के दौरान व्रत रखने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद उरई की टीम पूजा स्थल को व्यवस्थित करने में जुटी हुई है।
तैयारी अभियान के तहत रामकुंड तालाब और आसपास के घाटों की विशेष सफाई कराई जा रही है। तालाब में जमा जलकुंभी, गंदगी और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया जा रहा है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों को सुगम बनाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
पूजा स्थल पर सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, साफ-सफाई और हाईमास्ट लाइट सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की तैयारी है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं छठ पूजा से पहले पूरी करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका प्रशासन का प्रयास है कि पर्व के दौरान रामकुंड तालाब पर आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।


