रिपोर्ट: एमडी न्यूज़

महराजगंज। जिला बदर किए जाने के बावजूद जनपद की सीमा में प्रवेश करना एक आरोपी को भारी पड़ गया। निचलौल पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में मोनू अली उर्फ क्यूम अली को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के नेतृत्व में निचलौल पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय थी।

इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी मोनू अली उर्फ क्यूम अली जिला बदर आदेश का उल्लंघन कर महराजगंज जनपद की सीमा में प्रवेश कर आया है। पुलिस के मुताबिक, जिलाधिकारी महराजगंज द्वारा उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 3 के तहत आरोपी को जिला बदर करने का आदेश जारी किया गया था।

आदेश के अनुपालन में पुलिस ने 7 नवंबर 2026 को आरोपी को जनपद की सीमा से बाहर कर गोरखपुर जिले के शाहपुर थाने की जीडी में दाखिल कराया था। उसे गोरखपुर जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित हुसैन नगर में उसके प्रवास स्थल पर छोड़ा गया था। इसके बावजूद आरोपी ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के प्रतिबंधित जनपद महराजगंज में दोबारा प्रवेश कर जिला बदर आदेश का उल्लंघन किया।पुलिस ने इस मामले में थाना निचलौल पर मुकदमा अपराध संख्या 0305/2026, धारा 3/10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

टिकुलहिया से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी मोनू अली उर्फ क्यूम अली पुत्र वसी अहमद उर्फ वसीम मोहम्मद, निवासी ग्राम पिपरा काजी, थाना निचलौल, जनपद महराजगंज को टिकुलहिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप यादव, मुख्य आरक्षी वीर अभिमन्यु और आरक्षी अनूप यादव शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed