
रिपोर्ट कैलाश सिंह यदुवंशी
छाता (मथुरा)। चार दिन पहले वाहन चेकिंग के नाम पर राणा की प्याऊ बरसाना पर पुलिस अधिवक्ता के बीच हुए विवाद में पुलिस ने बरसाना थाने में अधिवक्ता गोकुलेश कटारा व उसके बेटे के खिलाफ सरकारी कार्य में दर्ज की गई एफआईआर को लेकर छाता तहसील के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। इस मामले के विरोध में सोमवार को छाता तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने एकत्रित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और भ्रष्ट अधिकारियों का नाश हो जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि पुलिस द्वारा साथी अधिवक्ता गोकुलेश कटारा के खिलाफ द्वेषपूर्ण भावना से मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।विरोध प्रदर्शन से पहले बार एसोसिएशन की एक विशेष आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अधिवक्ताओं ने एक स्वर में इस कार्रवाई की निंदा की और सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि जब तक बरसाना थाने में दर्ज झूठी एफआईआर को वापस लेकर मामला समाप्त नहीं किया जाता, तब तक सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरक्त (हड़ताल पर) रहेंगे।अधिवक्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस प्रकरण में न्यायसंगत कार्रवाई करते हुए मुकदमा वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा
