
यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस ने गठबंधन में 181 सीटों पर ठोकी दावेदारी, वाराणसी की चार सीटों पर भी नजर
रोहनिया, पिंडरा, शहर उत्तरी और कैंट सीट को लेकर कांग्रेस में हलचल तेज, शहर उत्तरी में ओमप्रकाश सिंह की दावेदारी से सियासी मुकाबला दिलचस्प होने के आसार
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को 181 विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी की सूची सौंप दी है। सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा चुनाव की रणनीति और सीटों के बंटवारे को लेकर मंथन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी गठबंधन के प्रमुख सहयोगी समाजवादी पार्टी से सम्मानजनक सीटें मिलने की अपेक्षा जताई है। वहीं, अखिलेश यादव ने कांग्रेस की ओर से सूची मिलने की बात स्वीकार की है। साथ ही गठबंधन में जिताऊ उम्मीदवारों को ही चुनाव मैदान में उतारने की बात कही है।
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की चार विधानसभा सीटों रोहनिया, पिंडरा, शहर उत्तरी और कैंट पर कांग्रेस की विशेष नजर है। पार्टी की ओर से इन सीटों पर दावेदारी की तैयारी की जा रही है। राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार पिंडरा विधानसभा सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, पटेल बहुल रोहनिया सीट से कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और कैंट विधानसभा सीट से अनिल श्रीवास्तव के नाम की चर्चा है।
सबसे दिलचस्प मुकाबला शहर उत्तरी विधानसभा सीट पर देखने को मिल सकता है। करीब 1.75 लाख मुस्लिम और 95 हजार राजपूत मतदाताओं वाली इस सीट पर इंटक नेता तथा पूर्व महासचिव जिला कांग्रेस कमिटी के नेता ओमप्रकाश सिंह ने कांग्रेस से अपनी उम्मीदवारी की दावेदारी पेश की है। यदि इंडिया गठबंधन से कांग्रेस को यह सीट मिलती है और ओमप्रकाश सिंह को उम्मीदवार बनाया जाता है तो लंबे समय से इस सीट पर अपना राजनीतिक प्रभाव बनाए रखने वाले विधायक रविंद्र जायसवाल(मंत्री उप्र सरकार )के सामने कड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।
फिलहाल इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन जारी है। इसी क्रम में आज गठबंधन की संयुक्त बैठक प्रस्तावित थी जिसे टाल दिया गया है। अब यह संयुक्त बैठक 23,24,25 को होंगी जिसमें सीटों के बंटवारे और संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा होगी। बैठक के बाद वाराणसी की राजनीतिक तस्वीर को लेकर भी स्थिति कुछ स्पष्ट होने की उम्मीद है।
