​पिरान कलियर (हरिद्वार) | रिपोर्ट: अर्सलान अहमद | MD NEWS बहुआयामी समाचार

​विश्व प्रसिद्ध सूफी संत हज़रत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक की दरगाह की पवित्रता और मर्यादा को लेकर स्थानीय किन्नर समाज ने सख्त रुख अपना लिया है। दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बाहरी किन्नरों द्वारा किए जा रहे अश्लील नृत्य और अभद्र गतिविधियों पर नाराजगी जताते हुए कलियर-रुड़की क्षेत्र की गद्दीपति किन्नर सपना गुरु ने कोतवाली पुलिस और दरगाह प्रशासन को लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

​सपना गुरु ने अपनी तहरीर में बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ बाहरी किन्नरों द्वारा दरगाह प्रांगण और कोतवाली क्षेत्र के पास अश्लील नृत्य किया गया है। उन्होंने इस हरकत को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह कृत्य दरगाह की मान-मर्यादा और रूहानी परंपराओं के बिल्कुल खिलाफ है।

​उन्होंने कहा कि वह वर्षों से कलियर और रुड़की क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और हमेशा दरगाह की मर्यादा व जजमानों के सम्मान का ख्याल रखा है, लेकिन बाहरी किन्नरों की ऐसी हरकतों से स्थानीय किन्नर समाज की छवि भी धूमिल हो रही है। सपना गुरु ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बाहरी तत्वों की पहचान कर उन पर तत्काल रोक लगाई जाए और भविष्य में ऐसी घटना होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय किन्नर समाज दरगाह की शांति और गरिमा बनाए रखने में पुलिस व प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *