​रिपोर्ट: अर्सलान अहमद
पिरान कलियर, हरिद्वार | MD NEWS बहुआयामी समाचार

​पिरान कलियर (रुड़की): विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर शरीफ में देश-विदेश से जियारत के लिए आने वाले लाखों जायरीनों को बुनियादी सुविधाओं के घोर अभाव का सामना करना पड़ रहा है।

कलियर में हज हाउस के ठीक सामने सरकार द्वारा बनवाए गए सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बंद पड़े हैं और उनके दरवाजों पर ताले लटके हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि प्रशासनिक अधिकारियों की नाक के नीचे यह सब हो रहा है, लेकिन किसी को भी यह बदहाली नजर नहीं आ रही है।

​अधिकारियों की अनदेखी पर उठ रहे गंभीर सवाल
​हज हाउस के सामने लाखों रुपये की सरकारी लागत से बने ये शौचालय आम जनता की सुविधा के बजाय ‘सफेद हाथी’ साबित हो रहे हैं। निर्माण के बाद से ही इन पर ताले लटके होने से यह बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों को यह कमी दिखाई क्यों नहीं दे रही है?
​स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या इन शौचालयों को केवल शोपीस बनाकर रखने के लिए बनाया गया था, या फिर कागजों में ही इनका संचालन दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है?

​खुले में शौच की मजबूरी, स्वच्छ भारत अभियान को लग रहा पलीता
​सरकारी और निःशुल्क शौचालय बंद होने का सबसे अधिक खामियाजा गरीब, बुजुर्ग और महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। निजी शौचालयों का मनमाना शुल्क देने में असमर्थ जायरीन मजबूरन रुड़की मार्ग और आसपास के खुले इलाकों में शौच जाने को विवश हैं।
​क्षेत्र में खुले में शौच होने के कारण न केवल प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं, बल्कि पूरे दरगाह क्षेत्र में गंदगी और संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा भी मंडरा रहा है।

​प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराजगी
​कलियर शरीफ जैसे अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्थल पर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के प्रति प्रशासन की यह बेरुखी बेहद चिंताजनक है। नगर पंचायत प्रशासन और दरगाह प्रबंधन की इस लापरवाही को लेकर क्षेत्रवासियों और समाजसेवियों में भारी रोष है।

12 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed