रिपोर्टर – अमान खान
सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र
एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र। हनुमत सोलर हाउस फर्म में करीब 4 करोड़ रुपये के कथित गबन के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 69,500 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, चार क्रेडिट कार्ड और घटना से संबंधित एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया है। तीनों आरोपियों को प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, वादी विकास सिंह निवासी मिर्जापुर, वर्तमान पता रॉबर्ट्सगंज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान हनुमत सोलर हाउस में पूर्व में कार्यरत मैनेजर हरिगोविन्द सिंह पटेल सहित कुछ पूर्व कर्मचारियों द्वारा उनकी अनुपस्थिति में करोड़ों रुपये का कथित गबन किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि धनराशि की रिकवरी से बचने तथा दुकान की छवि खराब करने के उद्देश्य से आरोपियों ने आपस में साजिश कर AI जनरेटेड लड़की की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से भ्रामक सामग्री प्रसारित की।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 894/2026, धारा 316(5), 351(3), 61(2)(क) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मेविश टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में आर्थिक अपराध एवं धोखाधड़ी के मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना तथा साइबर सेल के सहयोग से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया।

इसके बाद पुलिस टीम ने प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन के पास खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो-एन में मौजूद तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप, क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कपड़ों से भरे बैग और घटना से संबंधित वाहन बरामद किए गए। वाहन के आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में हरिगोविन्द सिंह पटेल पुत्र अशोक कुमार सिंह, विरेन्द्र प्रताप केशरी पुत्र नन्दलाल केशरी, दोनों निवासी वार्ड नंबर 15 अखाड़ा मोहाल कम्हारी, थाना रॉबर्ट्सगंज, तथा इन्द्रेश सिंह पटेल पुत्र सुरेन्द्र नाथ सिंह पटेल निवासी ग्राम महेवा, थाना रॉबर्ट्सगंज शामिल हैं।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना रॉबर्ट्सगंज के निरीक्षक बनारसी यादव, हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल रूपेश कुमार, कांस्टेबल रमेश कुमार एवं महिला कांस्टेबल श्रद्धा अवस्थी शामिल रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *