रिपोर्ट-अमान खान
आरक्षी विजय पाण्डेय को एसपी ने प्रशस्ति पत्र व 2100 रुपये देकर किया सम्मानित
सोनभद्र। आधुनिक AI तकनीक के उपयोग से करीब पांच वर्षों से लापता महिला की पहचान कर उसे राजस्थान से सकुशल बरामद करने में थाना बभनी में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशस्ति पत्र एवं 2100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बभनी थाना क्षेत्र के जौराही निवासी किस्मत देवी ने 14 जुलाई 2026 को अपनी पुत्री मंजू देवी खरवार (30) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में मु0अ0सं0 150/2026 धारा 87 एवं 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों के अनुसार, एक महिला शादी कराने का झांसा देकर मंजू को वाराणसी ले गई थी, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में बभनी पुलिस महिला की तलाश में जुटी थी। परिजनों और ससुराल पक्ष से तस्वीर प्राप्त नहीं होने पर पुलिस ने संबंधित विद्यालय से संपर्क किया, जहां वर्ष 2007 में कक्षा चार के छात्रवृत्ति फार्म में महिला की बचपन की तस्वीर मिली।
बचपन की तस्वीर से महिला की वर्तमान उम्र के अनुसार पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में आरक्षी विजय पाण्डेय ने महिला की बचपन की तस्वीर तथा उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों के आधार पर ChatGPT एवं Google Gemini AI की सहायता से उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की। तस्वीर परिजनों को दिखाई गई, जिन्होंने अपनी पुत्री मंजू देवी के रूप में उसकी पहचान की।
इसके बाद AI से तैयार तस्वीर और विवेचना में जुटाई गई अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस राजस्थान के चूरू जनपद स्थित थाना हमीरवास क्षेत्र के ग्राम गोविन्द सिंह का बास पहुंची, जहां से मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, महिला वहां अपने पति उमेन्द्र और दो बच्चों के साथ रह रही थी।
आरक्षी विजय पाण्डेय के इस अभिनव प्रयास एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
