
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
प्रथम बार मतदान करने जा रहे युवाओं से विशेष अपील, केंद्र पर पहुंचकर समझें ईवीएम की कार्यप्रणाली
विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा मतदान के प्रति उनकी झिझक दूर करने के उद्देश्य से जनपद में सात ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आमजन स्वयं ईवीएम का बटन दबाकर डमी मतदान कर सकेंगे और वीवीपैट की पारदर्शी खिड़की में अपने डाले गए डमी वोट की पर्ची भी देख सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 20 नवंबर 2026 से कलेक्ट्रेट परिसर सहित तहसील स्वार, टांडा, बिलासपुर, सदर, मिलक और शाहबाद मुख्यालय पर ये प्रदर्शन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नागरिकों को ईवीएम एवं वीवीपैट के बारे में जानकारी दी जाएगी। इनका संचालन विधानसभा निर्वाचन की घोषणा होने तक किया जाएगा।
प्रदर्शन के लिए एफएलसी प्रक्रिया के बाद सही पाई गई और पूरी तरह कार्यशील ईवीएम मशीनें पोलिंग पार्टी की उपस्थिति में वेयरहाउस से निकाली गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से नागरिकों को मतदान की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव कराया जा रहा है। केंद्र ऐसे स्थानों पर बनाए गए हैं, जहां आमजन का अधिक आवागमन रहता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद नागरिकों को ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया समझाई और स्वयं भी डमी मतदान किया। उनकी उपस्थिति में आमजन ने भी ईवीएम पर बटन दबाकर डमी वोट डाले तथा वीवीपैट में पर्ची देखकर मशीन की कार्यप्रणाली को समझा।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम के संचालन की जानकारी देना है, ताकि वास्तविक मतदान के समय किसी प्रकार की झिझक या परेशानी न हो। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदाता बनने जा रहे नागरिकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को स्वयं समझें और मतदान का अभ्यास करें।
उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से भी अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर जाने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. संतोष उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
