दशाश्वमेध घाट पर शिव महिमा और स्वच्छ गंगा को समर्पित होगी देव दीपावली की महाआरती

151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक, 21 बटुक और 21 डमरू दल बढ़ाएंगे आयोजन की शोभा; पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

वाराणसी। काशी के विश्व प्रसिद्ध प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर इस वर्ष देव दीपावली का आयोजन भगवान शिव की महिमा, काशी की आध्यात्मिक विरासत और स्वच्छ गंगा को समर्पित होगा। गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव में परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। साथ ही पर्यावरण-अनुकूल दीपदान और स्वच्छ गंगा का संदेश भी दिया जाएगा।
गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज एवं सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 36 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत दशाश्वमेध घाट पर वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन, स्तवन और 151 लीटर दूध से अभिषेक किया जाएगा। इसके माध्यम से गंगा के निर्मलीकरण और संरक्षण का आह्वान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गंगा तट पर सिंहासनारूढ़ मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु से निर्मित भव्य श्रृंगारिक प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी। महाआरती के अवसर पर पूरे घाट को 500 किलोग्राम देशी-विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। मां गंगा की अलौकिक आरती और भव्य सजावट श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएगी।
इस वर्ष महाआरती में 21 बटुक और 21 डमरू दल विशेष आकर्षण होंगे। ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में बेटियों द्वारा महाआरती का नेतृत्व नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश देगा। आयोजन की अध्यक्षता सुमेरु पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे।
मां गंगा की महाआरती के बाद काशी के लोकप्रिय गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। कार्यक्रम का संचालन गंगा सेवक एवं नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला करेंगे। आयोजन में वाराणसी के जनप्रतिनिधियों के साथ देश-विदेश से आमंत्रित अतिथियों और प्रतिष्ठित बैंकों के अधिकारियों की परिवार सहित उपस्थिति रहेगी।
पत्रकार वार्ता में समिति के संरक्षक पं. कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, संकठा प्रसाद, संजय यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
केदार घाट पर भी होगी भव्य गंगा आरती
देव दीपावली के अवसर पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से काशी के पौराणिक केदार घाट पर भी मां गंगा की भव्य एवं विराट आरती का आयोजन किया जाएगा। इसका संयोजन पं. संदीप कुमार दुबे करेंगे।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *