रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 22 नवंबर। संभावित हवाई हमले एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, चिकित्सा एवं राहत-बचाव टीमों ने संयुक्त रूप से अभ्यास कर त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया।

मॉक ड्रिल जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की उपस्थिति में आयोजित हुई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस, प्रशासन, मेडिकल टीम, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, एनसीसी, स्काउट-गाइड, राजस्व विभाग एवं फायर सर्विस के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।

अभ्यास के दौरान सायरन बजाकर संभावित हवाई हमले की काल्पनिक चेतावनी जारी की गई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन किया। पुलिस आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों को भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

काल्पनिक हमले के बाद घायलों की सूचना मिलते ही पुलिस सुरक्षा, अग्निशमन, चिकित्सा एवं राहत-बचाव टीमों को सक्रिय किया गया। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आपातकालीन मार्ग सुरक्षित किया, जिससे बचाव कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। राहत एवं बचाव टीमों ने घायलों और घटना में फंसे लोगों को खोजने, सुरक्षित बाहर निकालने तथा सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया।

फायर सर्विस द्वारा आग बुझाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने, गैस आपूर्ति बंद करने और आवश्यक सुरक्षा सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। वहीं मेडिकल टीम ने झुलसे लोगों, धुएं से प्रभावित व्यक्तियों एवं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार देने, ट्रायेज के तहत उनकी स्थिति के अनुसार उपचार प्राथमिकता तय करने तथा एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया।

इस मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया। प्रशासन एवं पुलिस ने आमजन से अपील की कि आपातकालीन परिस्थितियों में धैर्य एवं सतर्कता बनाए रखें, सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *