
रिपोर्ट जितेंद्र ठाकुर उत्तर प्रदेश सहायक ब्यूरो प्रमुख
वृंदावन। भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी वृंदावन में बाबा खाटू श्याम जी के भव्य मंदिर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडित गंगाराय शास्त्री जी के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन की धार्मिक रस्में संपन्न कराई गईं।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त, श्रद्धालु एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम के जयकारों के साथ इस शुभ कार्य में सहभागिता की।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथि वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन में बाबा खाटू श्याम जी के मंदिर का निर्माण भक्तों के लिए हर्ष और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि यह वृंदावन में बाबा खाटू श्याम जी का पहला मंदिर होगा, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को विशेष धार्मिक लाभ और दर्शन का अवसर मिलेगा।
उन्होंने इस पुण्य कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पंडित गंगाराय शास्त्री जी के प्रयासों से यह धार्मिक कार्य आगे बढ़ रहा है। यह श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है।
भूमि पूजन समारोह के साथ ही वृंदावन में बाबा खाटू श्याम जी के मंदिर निर्माण की शुरुआत को लेकर भक्तों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
