एमडी न्यूज राष्ट्रीय शिकायत निवारण अधिकारी- अजीत यादव
कानपुर। ऑपरेशन विजय के सुप्रीमों शिवमंगल सिंह आईपी का 61वां जन्मोत्सव शुक्रवार को संघर्ष दिवस के रूप में बड़े ही श्रद्धा, अनुशासन और संकल्प के साथ मनाया गया। जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम नारामऊ स्थित वैष्णो देवी दरबार में आयोजित किया गया, जिसमें परिवारजन, ऑपरेशन विजय के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में शुभचिंतक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह माता वैष्णो देवी दरबार में हवन-यज्ञ एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। हवन में प्रदेश को नशा मुक्त बनाने, युवाओं को नशे से बचाने, परिवारों में सुख-शांति एवं समाज में सद्भावना के लिए आहुति दी गई। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

जन्मोत्सव के अवसर पर शिवमंगल सिंह ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जन्मदिन उनके लिए व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति संकल्प दोहराने का दिन है। उन्होंने कहा कि हमने अपना जीवन संपूर्ण समाज के साथ-साथ भारत व उत्तर प्रदेश को नशा मुक्त बनाने एवं सामाजिक बुराइयों को मतकर सभी का खुशहाल जीवन बिताने के मिशन को समर्पित किया है, और जब तक देश व प्रदेश पूरी तरह नशा मुक्त नहीं हो जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को पूर्ण नशा मुक्त बनाने के लिए संगठन की ओर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की अनुमति के लिए मांग की गई थी, जो अभी प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद आंदोलन रुकेगा नहीं। संगठन संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाता रहेगा।
शिवमंगल सिंह ने कहा कि नशा आज केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी को बर्बाद कर रही है। इसलिए नशे के खिलाफ इस लड़ाई में शासन एवं प्रशासन द्वारा अपेक्षित सहयोग न मिलना चिंतनीय है। उन्होंने अपील की कि नशे के खिलाफ इस सामाजिक आंदोलन को सभी को एक जन आंदोलन के रूप में सहयोग देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच आगामी रणनीति पर भी विस्तार से मंथन किया गया। जिसमें गांव-गांव, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने, नशा पीड़ित परिवारों से संपर्क करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा में जोड़ने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने शिवमंगल सिंह को 61वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में नशा मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान को और मजबूत करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, भक्ति और सामाजिक संकल्प का वातावरण बना रहा।
