रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार
सोनभद्र, 27 नवंबर। निजी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों के मूल्य निर्धारण, बिक्री और विभागीय अनुमोदन से संबंधित सूचना उपलब्ध न कराने के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), सोनभद्र के प्रति सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने बीएसए को आगामी सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 20(1) के तहत अधिकतम 25 हजार रुपये जुर्माना लगाए जाने की चेतावनी दी गई है।

प्रकरण के अनुसार, आर्यनगर रॉबर्ट्सगंज निवासी एवं सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अमान खान ने 4 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन आरटीआई आवेदन संख्या DMOSB/R/2026/60152 दाखिल कर निजी विद्यालयों में महंगी किताबों की बिक्री, विभागीय अनुमोदन और शुल्क निर्धारण अधिनियम के अनुपालन से जुड़े पांच बिंदुओं पर प्रमाणित सूचना मांगी थी। जिलाधिकारी कार्यालय ने 7 अप्रैल 2026 को आवेदन आरटीआई अधिनियम की धारा 6(3) के तहत बीएसए कार्यालय को अंतरित कर दिया था।
निर्धारित समय में सूचना नहीं मिलने और प्रथम अपील के बाद भी संतोषजनक जवाब न मिलने पर अमान खान ने 15 जुलाई 2026 को राज्य सूचना आयोग में द्वितीय अपील दाखिल की। अपील संख्या S07/A/1611/2026 और पंजीकरण संख्या A-20260701570 के तहत मामले की सुनवाई सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम के सुनवाई कक्ष एस-7 में हुई।
आयोग ने पत्रावली के अवलोकन के बाद पाया कि बीएसए कार्यालय की ओर से केवल खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए पत्र भेजा गया, जबकि आवेदक को मांगी गई सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। आयोग ने जन सूचना अधिकारी/बीएसए सोनभद्र को निर्देश दिया है कि सभी बिंदुओं पर प्रमाणित सूचनाएं टेबुलर प्रारूप में उपलब्ध कराई जाएं।
आयोग ने बीएसए को 21 दिसंबर 2026 को सुनवाई कक्ष एस-7 में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है कि निर्धारित समय में सूचना क्यों नहीं दी गई। आयोग के निर्देश के अनुसार, संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर धारा 20(1) के तहत 250 रुपये प्रतिदिन की दर से अधिकतम 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जा सकता है।
