मथुरा (मांट)।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मांट पुलिस का मानवीय चेहरा भी सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना मांट पर संचालित ‘परिवार परामर्श केंद्र’ ने अपनी सूझबूझ से पिछले कई महीनों से अलग रह रहे दो जोड़ों के बीच सुलह कराकर उनके बिखरते परिवारों को फिर से बसा दिया है।
क्या था पूरा मामला?
नगला श्याम खण्ड बकला (थाना मांट) निवासी ऋषिपाल सिंह की पुत्रियों कृष्णा और राधा का विवाह 9 मई 2022 को हिन्दू रीति-रिवाज से मनगढ़ी (थाना नौहझील) निवासी अनूप सिंह के पुत्रों अनुज और आकाश के साथ हुआ था। पारिवारिक बातों को लेकर 10 मार्च 2026 को दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद दोनों बहनें अपने मायके में रह रही थीं।
पुलिस की पहल से लौटीं खुशियां
विवाद सुलझाने के लिए प्रथम पक्ष द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को थाना मांट में प्रार्थना पत्र दिया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए 30 अक्टूबर को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की और उन्हें समझाया। इसके बाद 28 नवंबर 2026 को दोनों पक्षों को पुनः थाने बुलाया गया। पुलिस टीम की समझाइश के बाद दोनों पक्ष अपनी पुरानी बातों को भुलाकर साथ रहने को राजी हो गए। थाने से दोनों परिवार खुशी-खुशी एक साथ विदा हुए और मांट पुलिस के इस प्रयास की जमकर सराहना की।
इस टीम की रही मुख्य भूमिका:
इस सफल सुलह-समझौते में प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार, हेड कांस्टेबल मलखान सिंह, महिला कांस्टेबल पूनम (1471) और महिला कांस्टेबल पूनम (1116) का विशेष योगदान रहा।

