MD NEWS बहुआयामी समाचार जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) मुजफ्फरनगर
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में मेरठ-बदायूं हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उपनिरीक्षक (दरोगा) राजवीर सिंह की मौत हो गई। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र में एक रोडवेज बस ने उनकी बुलेट मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दरोगा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरोगा राजवीर सिंह बुलंदशहर की कोतवाली नगर में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बुलेट मोटरसाइकिल से डिबाई जा रहे थे। बताया जा रहा है कि महज तीन दिन पहले ही उनका डिबाई से कोतवाली नगर में तबादला हुआ था। इसी बीच शिकारपुर क्षेत्र में मेरठ-बदायूं हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर ने उनकी जिंदगी छीन ली। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
सहारनपुर में कांस्टेबल रहते हुए बनाई थी अलग पहचान
दरोगा राजवीर सिंह ने सहारनपुर जनपद में कांस्टेबल के पद पर रहते हुए लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। जिले के कई थानों में उनकी तैनाती रही। अपने मजबूत मुखबिर तंत्र, तेजतर्रार कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ सक्रियता के चलते उन्होंने कई आपराधिक घटनाओं के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उनकी बहादुरी का एक चर्चित किस्सा आज भी उनके पुराने साथियों को याद है। बताया जाता है कि पुलिस हिरासत से फरार हो रहे एक अपराधी को पकड़ने के लिए राजवीर सिंह धमोला नदी में कूद गए थे और कीचड़ के बीच पीछा करते हुए अपराधी को दबोच लिया था।
उनका मिलनसार, हंसमुख और साहसी व्यक्तित्व सहकर्मियों के बीच विशेष पहचान रखता था। उनके असमय निधन की खबर से सहारनपुर में उनके पुराने परिचितों और पुलिस विभाग के साथियों में शोक की लहर है। एक जांबाज पुलिसकर्मी का इस तरह दुनिया से चले जाना पुलिस महकमे के लिए अपूरणीय क्षति है।
