रिपोर्ट:रोहित सेठ

🔵मोदी ने इंडी गठबंधन पर भी साधा निशाना, कहा-परिवारवादी पार्टी अपने परिवार के बाहर किसी दलित और आदिवासी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते।

🔵इंडी गठबंधन के लोगों ने देश में प्रथम आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने से रोकने की कोशिश की थी-पीएम नरेन्द्र मोदी

🔵प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीरगोवर्धन स्थित रविदास मंदिर में शीश नवाया

🔵संत रविदास की कास्य प्रतिमा का किया अनावरण

🔵100 करोड़ रुपये से होने वाली श्रद्धालु सुविधाओं की भी सौगात दी।

🔵समाज में ‘सबका साथ-सबका विकास’ का मंत्र साकार हो रहा है-मुख्यमंत्री।

🔵हर गरीब को मकान, शौचालय, पांच लाख रुपये की आयुष्मान भारत की गारंटी मिल रही है-योगी आदित्यनाथ

  वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को सीर गोवर्धन स्थित रविदास मंदिर में शीश नवाया। इस दौरान उन्होंने संत रविदास की कास्य प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही 100 करोड़ रुपये से होने वाली श्रद्धालु सुविधाओं की भी सौगात दी। 
  इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं अनुयायियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि संत रविदास कहते हैं, ‘जात पात के फेर मंहि, उरझि रहइ सब लोग। मानुषता कूं खात हइ, रैदास जात कर रोग।’ यानी ज्यादातर लोग जातपात के फेर में उलझे और उलझाते रहते हैं। यह रोग मानवता का नुकसान करता है। संतों की वाणी हमें रास्ता भी दिखाती है और सावधान भी करती है। देश को जाति के नाम पर उकसाने और लड़ाने में भरोसा रखने वाले इंडी गठबंधन के लोग दलितों वंचितों के लिए हर योजना का विरोध करते हैं और जाति के नाम पर अपने परिवार के स्वार्थ के लिए राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टी अपने परिवार के बाहर किसी दलित और आदिवासी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते। देश में पहली आदीवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का किन किन लोगों ने विरोध किया था, ये हर कोई जानता है। ये सब वही परिवारवादी पार्टियां हैं, जिन्हें चुनाव के वक्त दलित की याद आने लगती है। हमें इनसे सावधान रहना होगा। हमारी सरकार की नीयत गरीबों, वंचितों, पिछड़ा और दलितों के लिए साफ है।
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर से आए रैदासियों का काशी में स्वागत करते हुए कहा कि बनारस आज मिनी पंजाब जैसा लग रहा है। आपकी तरह मुझे भी रविदास जी बार बार अपने जन्मभूमि पर बुलाते हैं। यहां आकर उनके संकल्पों को आगे बढ़ाने का और उनके लाखों अनुयायियों की सेवा का अवसर मिलता है। ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है। काशी का सांसद और जनप्रतिनिधि होने के नाते भी मेरी विशेष जिम्मेदारी बनती है कि बनारस में आपका स्वागत करूं और आपकी सुविधाओं का खास ख्याल रखूं। राजनीति में नहीं था, तब भी रविदास जी की शिक्षाओं से मार्गदर्शन मिलता था। प्रधानमंत्री ने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली के विकास के लिए कई करोड़ की योजनाओं का आज शुभारंभ हो रहा है। मंदिर तक आने-जाने वाली सड़कों, इंटरलॉकिंग ड्रेनेज सिस्टम, संत्संग भवन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए अलग-अलग सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक सुख तो मिलेगा ही कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर संत रविदास की नई प्रतिमा का लोकार्पण किया और म्यूजिम की आधारशिला रखी। उन्होंने इस अवसर पर गाडगे महाराज की जयंती पर भी अपनी ओर से श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि जब मैं राजनीति में नहीं था तब भी श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से मार्गदर्शन प्राप्त करता था। मेरे मन में भावना थी कि उनकी सेवा का अवसर मिले। आज काशी ही नहीं पूरे देश में उनकी शिक्षाओं का प्रसार किया जा रहा है। हाल ही में मध्य प्रदेश के सतना में संत रविदास स्मारक कला केंद्र के शिलान्यास का सौभाग्य मिला।
     प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत का इतिहास रहा है जब भी देश को जरूरत रही है कोई ना कोई संत जन्म लेते हैं। रविदास जी उस भक्ति आंदोलन के महान संत थे जिसने कमजोर और विभाजित हो चुके भाारत को नई ऊर्जा दी थी। समाज को आजादी का महत्व बताया था और सामाजिक विभाजन को पाटने का काम किया था। उन्होंने ऊंच नीच, भेदभाव के खिलाफ उस दौर में आवाज उठायी थी। सब रविदास जी के हैं और रविदास जी सबके हैं। जगद्गुरू रामानंद के शिष्य के रूप में उन्हें वैष्णव समाज अपना गुरु मानता है। सिख भी उन्हें बहुत आदर के साथ देखते हैं। काशी में उन्होंने मन चंगा तो कठौती में गंगा की सीख दी थी। हमारी सरकार रविवाद जी के आदर्शों को आगे बढ़ा रही है। हमारी योजनाएं सबकी हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का हमारा मंत्र आज देश के 140 करोड़ लोगों से जुड़ने का मंत्र बन गया है। जो लोग विकास की मुख्य धारा से जितना दूर रह गये, पिछले 10 साल में उन्हें ही केंद्र में रखकर कार्य हुआ है। पहले जिस गरीब को सबसे आखिरी और सबसे छोटा कहा जाता आज सारी योजनाएं उन्हीं के लिए बनाई जा रही हैं। कोरोना की इतनी बड़ी मुश्किल में हमने 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन की व्यवस्था की। हमने स्वच्छ भारत योजना अभियान चलाया, हर परिवार को शौचालय का लाभ दिया। खासकर दलित माताओं और बहनों को इसका लाभ हुआ है, क्योंकि इन्हें ही खुले में शौच के लिए जाना होता था। साफ पानी के लिए जल जीवन मिशन चल रहा है। 11 करोड़ से ज्यादा घरों तक पाइप से पानी पहुंचाया गया। आयुष्मान कार्ड बनाए गये हैं। जनधन खाते खुलवाए गये हैं।
   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सीरगोवर्धनपुर में नया स्वरूप काशी की तर्ज पर देखने को मिलता है। 10 वर्ष पहले यह कल्पना थी। भव्य समागम की जगह नहीं मिल पाती थी। सड़कें संकरी थी, लेकिन प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता, मार्गदर्शन व नेतृत्व में आज पूज्य संत रविदास जी महराज का पावन तीर्थ नई दिव्यता-भव्यता से चमकता दिखाई दे रहा है। आज संग्रहालय का शिलान्यास हुआ है। यह संगत जब उनकी 650वीं जयंती को मनाएगा तो अगले तीन वर्ष के अंदर ही भव्य स्मारक संग्रहालय के रूप में देखने को मिलेगा।
     योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश 1947 में आजाद हुआ। उसके पहले भी लोग घोषणाएं करते थे, लेकिन क्या कार्य हो पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जगद्गुरु रामानंद व रविदास जी की शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए कार्यों को धरातल पर उतारा है। जगदगुरु रामानंद जी ने यही कहा था 'जाति-पाति पूछे नहीं कोई-हरि को भजे सो हरि का होई'... यह हमें आज देखने को मिल रहा है। समाज में 'सबका साथ-सबका विकास' का मंत्र साकार हो रहा है। हर गरीब को मकान, शौचालय, पांच लाख रुपये की आयुष्मान भारत की गारंटी मिल रही है। साथ ही जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति की जा रही है। स्वतंत्र भारत में पहली बार बाबा साहेब के पंच तीर्थों को सम्मान देने का कार्य हुआ है। इसके लिए पूरा देश व समाज पीएम के प्रति आभार व्यक्त करता है। उन्होने कहा कि काशी की धरती के माध्यम से प्रधानमंत्री ने देश-दुनिया को नई प्रेरणा दी है। कोरोना कालखंड में हर कोई सशंकित रहता था कि 140 करोड़ भारतवासी कैसे जीवित रहकर आगे बढ़ पाएंगे, लेकिन प्रधानमंत्री ने फ्री में टेस्ट, वैक्सीन व उपचार की व्यवस्था की। 600 वर्ष पहले सद्गुरु ने कहा था कि 'ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न'। संत रविदास की इस उक्ति को पीएम मोदी ने चरितार्थ किया। चार वर्ष से 80 करोड़ लोगों को बिना भेदभाव फ्री में राशन मिल रहा है। सद्गुरु के कार्यों को जमीनी धरातल पर उतारकर कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
   इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह चौधरी, अखिल भारतीय रविदास धर्म संगठन के उपाध्यक्ष नवदीप दास, पूर्व सांसद विजय सांपला, एसएस ढिल्लो, सतपाल, प्रदीप दास आदि प्रमुख उपस्थित रहे।
0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *