बिल्हौर (कानपुर)। लगातार हो रही बारिश से ककवन ब्लॉक के कई गांवों में धान की फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो गई हैं। खेतों में लंबे समय से पानी भरे रहने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को बिल्हौर विधानसभा अध्यक्ष विनय यादव स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे। उन्होंने ककवन ब्लॉक के बछना, दलेलपुर और विषधन गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान खेतों में खड़ी फसल को पानी में डूबा देख उन्होंने किसानों से समस्याओं के बारे में विस्तार से बातचीत की।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और उनकी मेहनत किसी भी हाल में व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन से किसानों के नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही कि तुरंत सर्वे कर नुकसान का आकलन किया जाए ताकि प्रभावित किसानों को मुआवजा मिल सके।

किसानों का कहना है कि कई बीघे खेतों में धान की पूरी फसल नष्ट हो गई है। पानी भरे रहने से पौधे सड़ गए हैं और कटाई की कोई संभावना नहीं बची। किसानों ने कहा कि यदि शीघ्र मदद नहीं मिली तो वे कर्ज और आर्थिक संकट में फंस जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है।
रिपोर्ट शिवम् यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *