
प्रयागराज | उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष भीड़ प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसका उद्देश्य यात्रियों की आवाजाही को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखना है।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार के निर्देशन में रेलवे अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने प्रयागराज जंक्शन पर इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया। इस दौरान स्टेशन निदेशक वी.के. द्विवेदी और सहायक वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण कुमार भी उपस्थित रहे।यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, प्रयागराज मंडल प्रशासन ने 02417 प्रयागराज–नई दिल्ली त्योहार विशेष गाड़ी का सफल संचालन किया। रेल प्रशासन ने यात्रियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्हें व्यवस्थित तरीके से विशेष ट्रेन में बैठाया। यात्रियों ने इस सुव्यवस्थित प्रबंधन पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।स्टेशन निदेशक वी.के. द्विवेदी ने यात्रियों को विशेष ट्रेनों और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
त्योहारों के दौरान प्रयागराज एक्सप्रेस के सामान्य श्रेणी के कोचों में RPF और वाणिज्य विभाग की टीमों द्वारा यात्रियों को कतारबद्ध कर व्यवस्थित रूप से बैठाया गया। प्लेटफॉर्म पर अनुशासन बनाए रखने और यात्रियों को सही दिशा-निर्देश देने के लिए अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएँ प्रसारित की जा रही हैं और RPF द्वारा स्टेशन परिसर में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
रिपोर्टर- अनुज कुमार
