प्रयागराज | मुट्ठीगंज में जिले का प्रमुख थोक गल्ला बाजार है। यहां के रामभवन चौराहा के पास इस बाजार के मोड़ पर सड़क धंस गई है। गड्ढे का दायरा इतना बड़ा और गहरा है कि यातायात तीन दिन से ठप हो गया है। एक भी गाड़ी इस रास्ते से पास नहीं हो पा रही है। इससे मुट्ठीगंज में होने वाला व्यापार प्रभावित हो गया है।

नगर निगम नहीं पाट सका गड्ढा
इसके कारण स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। स्कूल वाहन बच्चों के घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। समस्या तीन दिनों से तो गहराई है, जबकि दशहरा के पहले से इसी जगह पर सड़क लगातार धंस रही है। नगर निगम का अमला जुटा हुआ है, लेकिन गड्ढे को अब तक पाटा नहीं जा सका। गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग की गई है
रामभवन चौराहा से दस कदम की दूरी पर तीन दिन पहले सड़क धंस गई। इससे मुट्ठीगंज बड़ा चौराहा की तरफ आवागमन ठप हो गया। नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे और यहां बैकहो लोडर (जेसीबी मशीन) से खोदाई कराई। इससे गड्ढा और भी गहरा हो गया। लोगों के गिरने और चोटिल होने का खतरा उत्पन्न हो गया। इस पर नगर निगम ने बैरिकेडिंग से इसे घेर दिया।
स्थानीय लोगों को घरों से पैदल निकलना पड़ रहा
इससे गड्ढे के आसपास और आगे जितनी दुकानें हैं, उनमें ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए लोगों को घर से पैदल निकलना पड़ रहा है।आवागमन बंद होने से स्कूली वाहन दूर ही खड़े कर दिए जाते हैं।

रिपोर्टर – अनुज कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *