MD News बहुआयामी सामाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख
रोहित जैन जनपद मुजफ्फरनगर
23नवंबर2025 दिन रविवार
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना रतनपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौकशी की कोशिश कर रहे तीन शातिर अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके से एक ज़िंदा गाय, अवैध हथियार और गौकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक यतेन्द्र सिंह नागर ने बताया कि रतनपुरी पुलिस टीम चौकी कल्याणपुर के पास खतौली–बुढ़ाना मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम टोडा से भनवाड़ा रोड पर ईख के खेत में कुछ लोग गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस टीम बताए स्थान पर पहुंची तो वहां तीन–चार संदिग्ध व्यक्ति एक गोवंशीय पशु को बांधे हुए मिले।
पुलिस को देखते ही आरोपितों ने भागने का प्रयास किया, साथ ही एक व्यक्ति ने पुलिस पर फायर भी किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें राशिद उर्फ रईश उर्फ रहीस उर्फ सईद के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मौके से दो अन्य अभियुक्त मेहराज पुत्र लियाकत और नदीम पुत्र रमनक, निवासी रियावली नंगला, थाना रतनपुरी, को भी गिरफ्तार किया गया। जबकि तीन आरोपी अंधेरे और ईख की फसल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से
एक जिंदा गाय,
गौकशी के उपकरण,
और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
थाना रतनपुरी पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

