ब्यूरो रिपोर्ट पंकज कुमार

लखीमपुर नीमगांव– सड़क हादसा
नीमगांव थाना क्षेत्र के पैला–सुनौरी मार्ग पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गन्ने से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पैला गांव निवासी राजन लाल दीक्षित अपनी बाइक से सुनौरी गांव में गन्ना बिक्री का भुगतान लेने गन्ना कोल्हू जा रहे थे। तभी सुनौरी गांव के पास अचानक एक बेकाबू ट्रैक्टर–ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राजन दीक्षित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को बेहजम सीएचसी पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल मोतीपुर रेफर किया गया। वर्तमान में राजन दीक्षित का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रैक्टर–ट्रॉली पड़ोस के गांव बिलरिया की बताई जा रही है, जो सुनौरी गांव में गुड़ की बेल पर गन्ना पहुंचाने गई थी। ग्रामीणों ने मामले की सूचना नीमगांव पुलिस को दे दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गन्ने से भरे ट्रैक्टर–ट्रॉली चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बढ़ा रहता है। ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासन से ऐसे वाहनों पर नियंत्रण और कार्रवाई की मांग की है।
हादसे से क्षेत्र में अफरा–तफरी और चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
