एमडी न्यूज़ — बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट: आलोक शुक्ला, वॉइस ब्यूरो चीफ बहराइच

धरसावा, बहराइच | 02 दिसंबर 2025
देहात इंडिया संस्था द्वारा संचालित एक्सेस टू जस्टिस (A2J) परियोजना के तहत आज श्री राम तेज इंटर कॉलेज, धरसावा में “बाल विवाह मुक्त भारत – 100 दिवसीय अभियान” के अंतर्गत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, विद्यालय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने बाल विवाह जैसे गंभीर मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की। बच्चों को बताया गया कि कम उम्र में विवाह उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को गहरी क्षति पहुंचाता है। इसके साथ ही बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, शिक्षा का महत्व और सही निर्णय लेने जैसे पहलुओं पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण वह रहा जब लगभग 350 विद्यार्थियों ने बाल विवाह रोकने और समाज को जागरूक करने की शपथ ली। इस पहल ने छात्रों में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का भाव जगाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक रमेश चंद तिवारी, शिक्षकों—विद्याराम मिश्रा, विश्वनाथ, अंबा देवी, अंजली सिंह, त्रिवेणी प्रसाद, कार्यालय अधीक्षक सच्चिदानंद, तथा देहात संस्था की टीम—प्रोग्राम एसोसिएट अमरेश राणा और काउंसलर अदनान अंसार का विशेष योगदान रहा।
यह जागरूकता कार्यक्रम न केवल छात्रों में नई सोच पैदा करता है, बल्कि समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त करने की दिशा में एक सशक्त संदेश भी देता है।
