MD News बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले), बुढाना, मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत थाना बुढाना पुलिस ने सराहनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 41 किलो 220 ग्राम अवैध नशीला पदार्थ (गांजा) बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 09 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के आदेशानुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बुढाना के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बुढाना के कुशल नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 दिसंबर 2025 को गश्त के दौरान बडौत–बुढाना मार्ग पर शिवभोजनालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम आयुष पुत्र सतेन्द्र उर्फ पप्पू निवासी ग्राम बडौदा, थाना बुढाना बताया। तलाशी में उसके पास से 20 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
इसी क्रम में मेरठ–करनाल हाईवे पर वाजिद होटल के पास बने खंडहर के सामने से एक अन्य संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। उसने अपना नाम अर्जुन पुत्र मेहर सिंह निवासी जोनमाना, कोतवाली बडौत, जिला बागपत बताया। उसकी तलाशी से 21 किलो 170 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर ओडिशा से कपड़ों में छिपाकर गांजा लाते थे और स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करते थे। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है, जबकि अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
- आयुष पुत्र सतेन्द्र उर्फ पप्पू – ग्राम बडौदा, थाना बुढाना
- अर्जुन पुत्र मेहर सिंह – जोनमाना, कोतवाली बडौत, जिला बागपत
वांछित अभियुक्त:
सतेन्द्र उर्फ पप्पू, रविन्द्र उर्फ नौमान, आर्यन, नीलकमल
बरामदगी:
कुल 41 किलो 220 ग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 09 लाख रुपये)
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

