महराजगंज जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। निचलौल नगर के महाशय मोहल्ला निवासी विवाहिता निरयंका शर्मा ने अपने पति और सास पर दहेज की मांग, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का विवाह 25 अप्रैल 2024 को निचलौल नगर निवासी पंकज शर्मा पुत्र सिंहासन शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद करीब चार-पांच महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद पति पंकज शर्मा और सास इंद्रावती द्वारा दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू कर दी गई।

पीड़िता का आरोप है कि विवाह के समय उसके पिता द्वारा 1 लाख 60 हजार रुपये नकद देने के बावजूद ससुराल पक्ष 50 हजार रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना की जाती रही।

निरयंका शर्मा के अनुसार, उसने कई बार निचलौल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद समझौते भी हुए, लेकिन उत्पीड़न नहीं रुका। अंततः पति और सास ने उसे घर से निकाल दिया और विवाह में मिला सारा सामान एक कमरे में बंद कर ताला लगा दिया।

इस संबंध में निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति और सास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *