बड़ी खबर | गोंडा (उत्तर प्रदेश)

MD News बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन दभेड़ी वाले
बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर

कभी अपराधियों को पकड़कर जेल भेजने वाले दरोगा को आज खुद जेल की राह देखनी पड़ी। गोंडा जिले के थाना नवाबगंज में तैनात उपनिरीक्षक अमर पटेल को एंटी करप्शन टीम ने ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दरोगा अमर पटेल ने पीड़ित बृजेश यादव को एक फर्जी मारपीट के मुकदमे में फंसा दिया और विवेचना के दौरान FIR से नाम हटाने के एवज में ₹10,000 की मांग की। पीड़ित का कहना है कि घटना के समय वह संबंधित क्षेत्र में मौजूद ही नहीं था और उसके पास सीसीटीवी फुटेज का पुख्ता प्रमाण भी मौजूद था, बावजूद इसके दरोगा ने किसी भी साक्ष्य को सुनने या देखने से इनकार कर दिया।

दरोगा ने पीड़ित को स्पष्ट शब्दों में धमकाते हुए कहा—
“अगर मुकदमे से बचना है तो कल सुबह ₹10,000 लेकर आ जाना।”

पीड़ित ने इससे परेशान होकर एंटी करप्शन विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद टीम ने पूरी रणनीति के तहत जाल बिछाया और रिश्वत लेते समय दरोगा को रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा को आगे की कार्रवाई हेतु हिरासत में ले लिया गया।

आरोपी दरोगा का विवरण:
नाम: अमर पटेल
तैनाती: थाना नवाबगंज, जिला गोंडा
गृह क्षेत्र: ग्राम आराजी देवारा करकिया, थाना रौनापार, जिला आजमगढ़

यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह वर्दी में ही क्यों न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *