MD News बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना | मुज़फ्फरनगर
मुज़फ्फरनगर।
जनपद मुज़फ्फरनगर में हेलमेट को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान की सराहना करते हुए भाजपा युवा नेता मोनू मलिक ने आमजन से अपील की है कि हेलमेट को चालान के डर से नहीं, बल्कि अपने परिवार और अपनों की सुरक्षा के लिए पहनें।
उन्होंने कहा कि भले ही यह अभियान कुछ देर से शुरू हुआ हो, लेकिन “देर आए, दुरुस्त आए”—यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है। अब तक सैकड़ों लोग केवल हेलमेट न पहनने के कारण असमय इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। हेलमेट कोई साधारण वस्तु नहीं, बल्कि यह हमारा रक्षा कवच है।
मोनू मलिक ने कहा कि जब भी हम मोटरसाइकिल या स्कूटी से कहीं निकलते हैं—चाहे वह घर, रिश्तेदार, मित्र या किसी अन्य संबंधी के पास जाना हो—तो हमें यह याद रखना चाहिए कि हमारे अपने घर पर हमारा इंतज़ार कर रहे होते हैं। ईश्वर न करे यदि कभी कोई दुर्घटना हो जाए, तो हेलमेट ही वह साधन है जो जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने आगे कहा कि जीवन अनमोल है। सड़क पर चलते समय केवल हेलमेट पहनना ही नहीं, बल्कि अपनी साइड में चलना, गति नियंत्रण रखना और सभी यातायात नियमों का पालन करना हम सबका कर्तव्य है। आपके माता-पिता, बच्चे, भाई-बहन और रिश्तेदार—सभी आपकी सलामती की कामना करते हैं।
भाजपा युवा नेता मोनू मलिक ने कहा कि सभी यातायात नियमों का पूर्ण पालन करना ही हमारी सच्ची भलाई है।
चालान के डर से नहीं, अपनों के लिए हेलमेट पहनें।
