MD News | बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना | मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर।
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना रतनपुरी क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में जानलेवा हमला करने वाले वांछित अभियुक्त को रतनपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 जनवरी 2026 की शाम लगभग 8:45 बजे, ग्राम सिकन्दरपुर कलां निवासी आदिल पुत्र फैय्याज ने क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में कार्तिक कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम बडसू तथा उसके साथियों नितिन व कृष्णा के साथ गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में थाना रतनपुरी पर मु0अ0सं0-008/2026, धारा 109(1)/115(2)/352/351(3) बीएनएस एवं 3(1)द,ध, 3(2)(V) एससी/एसटी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था, जिसमें आरोपी आदिल वांछित चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रतनपुरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी आदिल पुत्र फैय्याज को रामपुर कांटा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके विरुद्ध जुआ अधिनियम, चोरी एवं आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, आरक्षी नरेश कुमार तथा चालक फजुल रहमान की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

