एमडी न्यूज
रिपोर्टर शुभम सोनी
मथुरा उत्तर प्रदेश
मथुरा के महावन थाना क्षेत्र में लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। महावन पुलिस और एंटी रिवॉर्डेड टीम मथुरा ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
सीओ महावन श्वेता वर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रात में बरेली हाईवे के पास सर्विस रोड स्थित चिंताहरण मंदिर मोड़ पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश किशनवीर और रोहित उर्फ रोहिताश गोली लगने से घायल हो गए। तीसरे बदमाश वरुण को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए मथुरा के जिला अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान किशनवीर पुत्र हेत सिंह (निवासी एटा), रोहित उर्फ रोहिताश पुत्र भूरी सिंह (निवासी मथुरा) और वरुण पुत्र मोहन सिंह (निवासी आगरा) के रूप में हुई है। ये तीनों वर्तमान में थाना हाईवे क्षेत्र के महेश नगला चंद्रभान में किराए के मकान में रह रहे थे।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से कुल 2100 रुपये नकद, रेडमी और ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन, एक लेडीज पर्स, लूट में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP 82 AW 3289) तथा . 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों के खिलाफ महावन थाने में पहले से ही लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में लूट की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।


