****चंदौली:जिला के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जलीलपुर चौकी के चौरहट गांव में गुरुवार दोपहर एक दयनीय सड़क हादसा हुआ। सुचना के अनुसार रामनगर से पड़ाव की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रही लगभग 50 वर्षीय महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गयी।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घायल महिला को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद महिला को मृतक घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने भागने का प्रयास कर रहे मोटरसाइकिल सवार युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही जलीलपुर चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 50 वर्ष है, लेकिन उनके पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।पुलिस प्रशासन अब आसपास के गांवों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रहा है। पकड़े गए बाइक सवार युवक से पूछताछ की जा रही है और पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में इस घटना के बाद से ही शोक और आक्रोश का माहौल है।

0 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *