कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की चेयरमैन व पूर्व मंत्री सैय्यदा शादाब फातिमा तथा प्रबंध निदेशक सी.एस.एन. हैदर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शहाबपुर टोल प्लाजा के निकट ग्राम ज्योली के समीप स्थित भव्य विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, फिल्मी गीतों रंगीलों मारो ढोलना, बुमरूह बुमरूह, ओ राधा तेरी चुनरी आदि पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी के अंतर्गत बच्चों द्वारा बनाई गई विभिन्न कलाकृतियों ने अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने अंग्रेजी भाषा में अपना परिचय दिया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, मदर टेरेसा और रानी लक्ष्मीबाई सहित देश की महान विभूतियों के जीवन पर अंग्रेजी में प्रकाश डाला, जिसे सुनकर उपस्थित अभिभावकों ने जमकर तालियां बजाईं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सैय्यदा शादाब फातिमा ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपने दिवंगत पुत्र सैय्यद काशिफ अब्बास की स्मृति में काशिफ पब्लिक स्कूल की स्थापना की है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र का सपना था कि समाज का हर वर्ग शिक्षित बने और उसी उद्देश्य को साकार करने के लिए विद्यालय की नींव रखी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी सपने को पूरा करने के लिए मजबूत आधारशिला आवश्यक होती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार दुबे ने कहा कि काशिफ पब्लिक स्कूल का तीसरा स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव एक साथ मनाया गया, जिसमें बच्चों की प्रस्तुतियों को अभिभावकों व अतिथियों ने सराहा। कार्यक्रम के समापन पर चेयरमैन पूर्व मंत्री सैय्यदा शादाब फातिमा तथा प्रबंध निदेशक एस.एन. सिंह द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *