बाराबंकी रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत क्षेत्र में भट्ठा मालिकों की लापरवाही और मनमानी के चलते प्रमुख सड़क मार्गों की हालत लगातार बद से बदतर होती जा रही है। गीली मिट्टी से लदे भारी वाहनों के नियमित आवागमन से डामर की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे पक्के मार्ग अब मिट्टी के रास्तों में तब्दील होते नजर आ रहे हैं। ढे़मा से मवई क्षेत्र को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग भट्ठों में कार्यरत वाहनों द्वारा गिराई जा रही गीली मिट्टी के कारण पूरी तरह फिसलन भरा हो गया है। सड़क पर फैली मिट्टी से राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस मार्ग से आने-जाने वाले स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को गंभीर परेशानी हो रही है। गीली मिट्टी के कारण कई बाइक सवार फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि भट्ठा मालिक नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं और प्रशासन की उदासीनता के कारण सड़कें दिन-ब-दिन बर्बाद हो रही हैं। लोगों ने मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन भट्ठा मालिकों पर कठोर कदम उठाएगा, या यूं ही आम जनता की जान जोखिम में डालकर अनदेखी जारी रखी जाएगी

धीरेंद्र कुमार वर्मा की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *