अलीगढ़ से कमल शर्मा राजू की रिपोर्ट

आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने गुरुवार रात खेरेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, जिलाधिकारी संजीव रंजन और एसएसपी ने कलेक्ट्रेट में बैठक कर अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।

महिला सुरक्षा-यातायात प्रबंधन के निर्देश

एसएसपी ने खेरेश्वर मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्गों को देखा। भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग दुरुस्त करने और संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त

मंदिर निरीक्षण के बाद एसएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ थाना रोरावर और बन्नादेवी क्षेत्रों में पैदल गश्त की। खेरेश्वर चौराहे से लेकर नादा पुल और सूतमील चौराहे तक पुलिस ने मार्च निकाला। मिश्रित आबादी और मुख्य बाजारों में गश्त के जरिए पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश दिया।

कांवड़ मार्गों पर रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम संजीव रंजन और एसएसपी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर निगम और विद्युत विभाग को साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ मार्गों और मंदिरों के पास मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस तैनात रहेगी।

‘श्रद्धालुओं से रखें सौम्य व्यवहार’

एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों को हिदायत दी है कि वे श्रद्धालुओं के साथ सौम्य और सहयोगपूर्ण व्यवहार रखें। संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई। इस दौरान एडीएम किंशुक श्रीवास्तव, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एसपी ग्रामीण अमृत जैन सहित सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed