MD News | बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर
बुढ़ाना कस्बा क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन लगातार गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। सफीपुर रोड पर पिछले करीब चार से पांच महीनों से दिनदहाड़े ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए अवैध रूप से मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि प्रशासनिक स्तर पर इस पूरे मामले पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

दिनभर तहसील क्षेत्र से होते हुए कांधला रोड की ओर मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां बेखौफ होकर फर्राटा भरती नजर आती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अवैध खनन बिना किसी वैध अनुमति के खुलेआम चल रहा है, जिससे एक ओर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर आम जनता को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खनन के चलते सड़क पर उड़ती धूल-मिट्टी से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर स्कूली बच्चों को स्कूल आते-जाते समय गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। धूल के कारण कई बार सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अवैध खनन पिछले 4–5 महीनों से लगातार चल रहा है, तो प्रशासन आंखें मूंदे क्यों बैठा है? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई की जाएगी?
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर बुढ़ाना में मिट्टी के अवैध खनन का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
