
बाराबंकी जनपद की रामनगर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत लोधेश्वर महादेवा में महाशिवरात्रि पर लगने वाले विशाल कांवरिया मेला शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। वैसे तो यह मेला फाल्गुन कृष्ण पक्ष की पंचमी से प्रारंभ होता था किंतु वर्तमान में इस मेले का प्रारंभ बसंत पंचमी से हो जाता है। माघ अमावस्या में प्रयाग से स्नान कर लौटने वाले श्रद्धालुओं द्वारा गंगाजल से लोधेश्वर का जलाभिषेक किया जाता है, तब से यह क्रम धीरे धीरे महाशिवरात्रि तक विशाल कांवरिया मेला के रूप में तब्दील हो जाता है।
*मेले की व्यवस्था व सुरक्षा हेतु सजग रहा प्रशासन*
मेले की व्यापक सुरक्षा हेतु उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने भी मेला का जायजा लिया ।इसके अलावा एडीजी प्रवीण कुमार व मंडलायुक्त अयोध्या ने भी मेले की व्यवस्था में सतत निगरानी बनाए रखी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, उप जिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल, पुलिस क्षेत्राधिकार गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल सिंह ,नायब तहसीलदार विजय प्रकाश त्रिपाठी, निरीक्षक सुभाष चंद्र निरीक्षक प्रमोद यादव,प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे , महादेवा चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडे, रामनगर तहसील के अधिकारी व कर्मचारियो व भारी संख्या में तैनाश सुरक्षा कर्मियों ने भी चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी बनाए रखी। श्रद्धालुओं की सुविधा बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरा, डॉग स्क्वायड आदि की व्यवस्था थी। मार्ग प्रकाश व पेयजल के लिए भी प्रशासन द्वारा समुचित प्रबंध करने का प्रयास किया गया। मोबाइल टॉयलेट व अस्थाई शौचालय की भी व्यवस्था थी जो कि नाकाफी रही।
*लाखों कांवरियों ने किया जलाभिषेक*
बम बम भोले हर हर महादेव की गूंज करते हुए कांवरिया घुंघरू पहनकर नाचते गाते हुए कानपुर, हमीरपुर ,उन्नाव, जालौन ,उरई ,महोबा , आदि सुदूर जनपदों से आकर लोधेश्वर महादेव में जलाभिषेक कर मंगल कल्याण की कामना की।
*मेले की अद्भुत छटा ने लोगों का मनमोहा*
मेला मैदान में टेंट त्रिपाल में लैया दाना की लगी हुई दुकान और दुकानों में नाचते गाते हुए विश्राम करते हुए कांवरियों का मनोहारी दृश्य, रंगों से सराबोर रंग बेचते दुकानदार, श्यामा व रामा चिरैया से भाग्य का हाल पूछते कांवरिये अपनी अद्भुत छाप लोगों पर छोड़ रहे थे।
*खूब रही भंडारों की धूम*
मेला क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए भंडारों की खूब धूम रही। कांवरिया समेत मेला में लगे हुए सरकारी कर्मचारियों, दुकानदारो व क्षेत्रीय लोगों ने भंडारो का प्रसाद पाया।
*खूब बिका बालम खीरा का चूरन व रामबाण का ठंडा सुरमा*
मेले में प्रसाद हेतु लैया दाना और घरेलू श्रंगार व सौंदर्य प्रसाधन सिंदूर बिंदी हेतु बिसातखाना की दुकानों पर कांवरियों ने खरीददारी की। गन्ना रस के चलते फिरते ठेले पर भी लोगों ने रस पीकर आनंद लिया। रामबाण ठंडा सुरमा की दुकानों पर कांवरियों ने मुफ्त में सुरमा लगवाया व सुरमे की खरीददारी भी की। ठेलो पर बिक रहे बालम खीरे के चूरन की कांवरियों ने खरीददारी की।
दुकानदारों से किराया वसूली किए जाने की भी लोगों में रही मिली जुली चर्चा
मेला क्षेत्र में क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा दुकानदारों से किराया वसूली किए जाने की भी जमकर मीडिया व सोशल मीडिया पर चर्चा रही कुछ दुकानदारों ने कहा कि अबकी बार मेले में ₹500 प्रति फुट के हिसाब से लेखपाल ने किराया लिया है लेकिन इसी जगह के काबिज लोगो द्वारा गत वर्षों में 1000 से 1200 रुपए तक प्रति फुट किराया लिया जा रहा था।
तेज बहादुर शर्मा (मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या)।
