एमडी बहुआयामी न्यूज संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूं

बिल्सी। नगर के बदायूं रोड स्थित फ्यूचर लीडर्स स्कूल के कक्षा सात और आठ के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में बिल्सी कोतवाली का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक करना रहा। यहां पहुंचने पर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य, महिला उपनिरीक्षक रचना देशवाल सहित समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, कंट्रोल रूम संचालन, वायरलेस संचार प्रणाली, लॉकअप व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, यातायात नियम तथा साइबर अपराध से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा व हेल्पलाइन सेवाओं पर भी प्रकाश डाला। डायरेक्टर वीपी सिंह ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से छात्रों में व्यवहारिक ज्ञान, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित होती है। इस दौरान पीटीआई विश्वदीपक शर्मा, रूबी मौर्य, शिवानी सिंह और प्रीति श्रीवास्तव मौजूद रहे।
