
एमडी न्यूज अजीत यादव ब्यूरों गोंडा – की रिपोर्ट
गोंडा- गोंडा जनपद में जर्जर हो चुके 114 साल पुराने बिसुही पुल के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय छात्र पंचायत का अनोखा विरोध प्रदर्शन जारी है। गोंडा–बलरामपुर मार्ग पर स्थित इस पुल पर प्रदर्शनकारियों ने 13वें दिन ‘हैप्पी डेथ डे’ मनाकर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुल के 114 वर्ष पूरे होने पर केक काटा और प्रतीकात्मक रूप से “हैप्पी डेथ डे टू बिसुही पुल” गाकर विरोध दर्ज कराया।
राष्ट्रीय छात्र पंचायत के अध्यक्ष शिवम पांडे ने बताया कि पुल अपनी उम्र पूरी कर चुका है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि अब तक 11,380 से अधिक लोग हस्ताक्षर अभियान के जरिए समर्थन दे चुके हैं और 946 लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पुल निर्माण की मांग की है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं हुई।
स्थानीय निवासी और दिव्यांग राम शरण साहू ने बताया कि पुल पर आए दिन जाम लगता है, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जल्द नया पुल बनवाने की अपील की।
परसपुर विकास मंच के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह और इंकलाब फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो वे इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक पुल निर्माण को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
