एम डी न्यूज़ बरेली। जिले में एक स्पा सेंटर में घुसकर वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर 40 हजार रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। स्पा सेंटर की रिसेप्शनिस्ट की तहरीर पर पुलिस ने आशू यादव, जिला बदर चल रहे रिषभ ठाकुर और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बारादरी थाना क्षेत्र मे स्थित पीलीभीत हाईवे पर बने ‘कासा गोल्डन स्पा’ की संचालिका के अनुसार 17 फरवरी को दो-तीन युवक स्पा सेंटर पहुंचे और वहां की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. अगले दिन पुलिस भी जांच के लिए सेंटर पहुंची, लेकिन कोई आपत्तिजनक गतिविधि नहीं मिली।

संचालिका के अनुसार उनके मोबाइल नंबर पर अब कॉल कर आशू यादव और जिला बदर चल रहे रिषभ ठाकुर ने खुद को हिंदू संगठन का पदाधिकारी बताते हुए धमकी दी और कहा कि हमने स्पा सेंटर का वीडियो बना लिया गया है और उसे फेसबुक पर वायरल कर देंगे। आरोपियों ने 40 हजार रुपये की मांग कर धमकी दी कि पैसे ना देने पर वीडियो वायरल होगा और सेंटर बंद कराया जाएगा। संचालिका मुस्कान के मुताबिक, आरोपियों ने कई बार फोन कर धमकियां दीं, जिससे घबराकर उन्होंने स्पा सेंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिया। एसपी सिटी मानुष पारिख ने बताया कि मुस्कान नामक महिला की तहरीर के आधार पर आशू यादव, रिषभ ठाकुर और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्टर गौरव कुमार एम डी न्यूज़ बरेली।
