गोंडा- जिले के इटियाथोक इलाके के गोंडा बलरामपुर रोड पर स्थित सकरा एवं पुराने बिसुही पुल के स्थान पर नये पुल निर्माण की मांग को लेकर राष्ट्रीय छात्र पंचायत का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के 15वें दिन कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए इटियाथोक बाजार में दुकान-दुकान जाकर भीख मांगी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के विरोध में यह प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन वाला कदम उठाया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने बताया कि कई दिनों से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बाजार से जो भी धनराशि भीख के रूप में प्राप्त हुई है, उसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा जाएगा, ताकि पुल निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सके। पारसराय निवासी बृजेश पांडेय ने बताया कि वह प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं और अक्सर जाम की समस्या से जूझते हैं। उन्होंने समर्थन स्वरूप पांच रुपये का योगदान भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *