महराजगंज/निचलौल
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की इकाई, सरस्वती देवी महाविद्यालय द्वारा आचार्य रजनीश के मार्गदर्शन में आयोजित सप्त दिवसीय विशेष शिविर का छठा दिवस उत्साह, जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन प्राथमिक विद्यालय, ग्राम रुद्रौली में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम दरश के निर्देशन में किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं माँ भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विचार गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, आदर्श ग्राम निर्माण एवं वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किए गए।


छठे दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में श्री अजीत कुमार जी, क्षेत्रीय वनाधिकारी, मधवलिया रेंज, निचलौल उपस्थित रहे। उन्होंने “पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि युवा वर्ग जागरूक होगा तो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण प्रदान किया जा सकेगा।


विशिष्ट अतिथि के रूप में Wildlife Trust of India से जुड़े श्री रविन्द्र कुमार त्रिपाठी (फील्ड अटेंडेंट) ने “आदर्श ग्राम निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास में स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संतुलन एवं सामुदायिक सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की प्रेरणा दी गई।


इसी क्रम में वाणिज्य विभाग, सरस्वती देवी महाविद्यालय के श्री रितिक गंगवार ने “वित्तीय बजट एवं वित्तीय प्रबंधन” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्तिगत एवं पारिवारिक बजट निर्माण, बचत की आदत और आय-व्यय संतुलन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त युवा ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।
शिविर संचालक सैयद आलम अंसारी एवं विशाल कुमार कसौधन सहित महाविद्यालय के अनुचर सन्नी तथा छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *